Wednesday, April 3, 2019

वापसी के लिए अभी हमारे पास 10 मैच : बेंगलुरु की हार पर कोहली

जयपुर. मजबूत बल्लेबाजी क्रम होने के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में अब तक एक भी मैच में जीत हासिल नहीं कर पाई है। मंगलवार रात उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी। हालांकि, कप्तान विराट कोहली को उम्मीद है कि टीम आने वाले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करेगी और जीत हासिल करने में सफल होगी।

विराट ने कहा, ‘हमने 15 से 20 रन कम बनाए। मार्क्स स्टोइनिस और मोइन अली ने हमें प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। ओस होने के कारण यदि हमारे 15 रन और होते तो वह ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता। अंत में लक्ष्य तक पहुंचना आसान नहीं था, क्योंकि विकेट धीमा हो गया था। हमने मैच में बहुत सारी गलतियां (कैच छूटे) भी कीं।’

चैम्पियन बनने की राह अब भी खुली : विराट
कोहली ने कहा, ‘हालांकि, चार मैच में हम अब तक जीत हासिल नहीं कर पाए हैं, लेकिन टीम की मजबूती के साथ वापसी के लिए अब भी 10 मैच बाकी हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इस संस्करण में अब भी आसानी से आरसीबी का चैम्पियन बनने की ओर बढ़ सकती है।’

हमारा ध्यान बेहतर टीम संयोजन पर : कोहली
कोहली ने कहा, ‘उम्मीद है कि हम चीजों को बदल सकते हैं। हमने मुंबई और इस मैच में अच्छा खेला। यह टूर्नामेंट इतना लंबा नहीं है कि आपको फिर से टीम के बारे में सोचना पड़े। अभी हमारी कोशिश बेहतर टीम संयोजन पर है। हमें मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ टीम लाने पर ध्यान देना होगा।’

चेन्नई अंकतालिका में टॉप पर
इस संस्करण में चेन्नई सुपरकिंग्स ही ऐसी टीम है, जिसने अपने सभी मैच जीते हैं। वह 6 अंकों के साथ लीग तालिका में शीर्ष पर है। चेन्नई ने अपना पहला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला था। तब उसने बेंगलुरु को 70 रन पर ऑलआउट करने के बाद 7 विकेट से मैच जीत लिया था। इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट और अगले मैच में राजस्थान रॉयल्स को आठ रन से हराया।

मुंबई इंडियंस के सिर्फ 2 अंक, तालिका में छठवें नंबर पर
वहीं, मुंबई इंडियंस महज दो अंकों के साथ तालिका में छठे नंबर पर है। उसने अपना पहला मैच घरेलू मैदान पर खेला, लेकिन तब दिल्ली ने उसे 37 रन से हरा दिया था। दूसरे मैच में वह बेंगलुरु को 6 रन से हराने में सफल रही। हालांकि, तीसरे मुकाबले में उसे किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।

चेन्नई के खिलाड़ी बेहतर फॉर्म में
चेन्नई की टीम अच्छी फॉर्म में है। उसका हर खिलाड़ी अपने तरीके से टीम के प्रदर्शन में योगदान दे रहा है। पिछले मैच में धोनी ने शानदार पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी थी। बल्लेबाजी में उसके पास शेन वाटसन, सुरेश रैना, केदार जाधव और अंबाती रायडू जैसे अनुभवी और मैच का रुख मोड़ देने वाले खिलाड़ी हैं।

मुंबई के पास मैच विनर खिलाड़ी, लेकिन वे लय में नहीं
मुंबई की बात की जाए तो उसकी टीम में वह तालमेल नहीं दिखा है जो उसके पास मौजूद है। मैदान पर उसके खिलाड़ी लय में नहीं दिखे हैं। बल्लेबाजी में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डीकॉक ही कुछ कमाल दिखा पाए हैं। रोहित शर्मा, कीरोन पोलार्ड का बल्ला खामोश रहा है। युवराज सिंह ने अपनी पुरानी फॉर्म की झलक जरूर दिखाई है, लेकिन वे अंत तक विकेट पर टिकने में असफल रहे हैं।

No comments:

Post a Comment