कनाडा में भारतीय मूल की दो बहनों किरणजोत (32) और तरनजोत उर्फ ज्योति (34) मथारू इन दिनों चर्चा में हैं। नाइजीरिया के रसूखदार लोगों को सेक्स टेप के जरिए ब्लैकमेल करने के सिलसिले में दोनों जेल भी जा चुकी हैं। दोनों बहनों के पास तीन मर्सिडीज, एक याट, एक प्राइवेट जेट और लग्जरी ब्रांड की 70 जोड़ी जूतियां हैं। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से ज्यादातर चीजें उन्होंने अपने पैसे से नहीं खरीदीं बल्कि अरबपति दोस्तों या बॉयफ्रेंड ने तोहफे में दी हैं।
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने किरण और ज्योति के बारे में लिखा कि दोनों के फैशन को देखते हुए उन्हें हॉलीवुड सेलिब्रिटी किम कर्दाशियां की तर्ज पर कनाडा की कर्दाशियां सिस्टर्स कहा जाता है। गिरफ्तार होने के बाद किरण और ज्योति के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या में 20 हजार का इजाफा हुआ है। दोनों बहनें मेट्रोपॉलिटन नाम से ब्लॉग भी लिखती हैं। फिलहाल वे दुबई में हॉलीडे मनाने के फोटो शेयर कर रही हैं।
एक्ट्रेस पेरिस हिल्टन दोनों की रोल मॉडल
किरणजोत और ज्योति सेलाइन, गूची, हरमीस और सेंट लॉरेंट जैसे महंगे ब्रांड की चीजें इस्तेमाल करती हैं। अलमारी में हीरे-सोने के गहनों के अलावा स्विस (रोलेक्स) घड़ियों की भरमार है। उनकी रोल मॉडल अमेरिकी एक्ट्रेस पेरिस हिल्टन हैं। दोनों बहनें अब तक कई अरबपतियों के साथ डेटिंग कर चुकी हैं। ज्योति के मुताबिक, ‘‘मैं ताकतवर व्यक्ति की तरफ आकर्षित होती हूं। मेरे लिए यह मायने रखता है कि मेरा बॉयफ्रेंड करता क्या है और फोर्ब्स की सूची में वह किस स्थान पर है।’’
कैब ड्राइवर थे किरण-ज्योति के पिता
किरण और ज्योति भारत में ही पैदा हुई। बाद में वे टोरंटो आ गईं। एक स्थानीय अखबार टोरंटो स्टार के मुताबिक, किरण-ज्योति के पिता रैक्सडेल में एक कैब ड्राइवर थे। बेटियों को डॉन बॉस्को सेकंडरी स्कूल में पढ़ाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की। बाद में किरण-ज्योति ने एमरी कॉलेजिएट इंस्टीट्यूट में दाखिला लिया। यहां पर भी अपने ड्रेसिंग स्टाइल को लेकर दोनों काफी चर्चा में रहीं। उस दौरान किरण ही कपड़े सिलती थीं। उनके दोस्त बताते हैं कि ज्योति को साहित्य और इतिहास पसंद था जबकि किरण शतरंज, गणित और विज्ञान में अच्छी थी। किरण एक अच्छी कुक हैं और होटल व्यवसाय में करियर बनाना चाहती हैं। वहीं ज्योति बारटेंडर बनना चाहती हैं। उनकी भारत घूमने यहां के लड़कों से शादी करने और टोरंटो में रहने की ख्वाहिश है।
नाइजीरियाई बिजनेसमैन से डेटिंग और ब्रेकअप
कनाडा के अखबार द स्टार का दावा है कि 21 साल की उम्र में किरण की मुलाकात एक नाइजीरियाई बिजनेसमैन से हुई। उस वक्त किरण एक फैशन ब्रांड के लिए काम करती थीं। दोनों ने कई बार डेटिंग की। बिजनेसमैन ने ज्योति को नाइजीरियन एग्जीक्यूटिव बना दिया। बिजनेसमैन दोनों को अपने प्राइवेट प्लेन से यूरोप और नाइजीरिया के टूर पर भी ले गया। 2012 में बिजनेसमैन से किरण का ब्रेकअप हो गया। इसके बाद किरण-ज्योति लागोस (नाइजीरिया) में रहने लगीं और एक रेस्त्रां में काम शुरू किया।
18 दिन जेल में बिताए
दिसंबर 2016 में नाइजीरियन पुलिस ने किरण-ज्योति को आपत्तिजनक गॉसिप वेबसाइट 'नाइजाजिस्टलाइव' के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उन्हें 18 दिन जेल में काटने पड़े। फिलहाल किरण यूट्यूब के फूड-फैशन वीडियो के लिए काम करती हैं। ज्योति एक किताब लिखने की योजना बना रही हैं जिसका नाम होगा- किसी अरबपति से कैसे मिला जाए?